महाराष्ट्र क्रांति सेना पार्टी ने सांसद उदयनराजे को दिया ऑफर 

कोल्हापुर : समाचार ऑनलाइन – सांसद उदयनराजे भोसले को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी द्वारा टिकट देने से मना करने के बाद महाराष्ट्र क्रांति पार्टी द्वारा चुनाव लड़ने का खास ऑफर उन्हें दिया गया है। यह जानकारी महाराष्ट्र क्रांति सेना पार्टी के प्रमुख सुरेश पाटिल ने पत्रकार-वार्ता में दी।इस संबंध में उदयनराजे से जल्द चर्चा होने की बात भी उन्होंने कही।

उन्होंने कहा कि लोकसभा की 48 और राज्य विधानसभा की 288 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।राज्य की कई विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ने के इच्छुकों के नाम पर विचार हो रहा है। 50 फीसदी उम्मीदवारी महिलाओं को दी जाएगी। मराठा आरक्षण संघर्ष समिति के जरिए मराठा समाज को आरक्षण मिले और मराठा समाज को समाज में राजनीतिक मंच प्राप्त हो इसके लिए रायरेश्‍वर मंदिर में हाल ही में नई महाराष्ट्र क्रांति सेना पार्टी की स्थापना की गई है।

जल्द इस पार्टी को रजिस्टर कर लिया जाएगा। लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए राज्य के कई नेता इच्छुक हैं।नई पार्टी से उम्मीदवारी पाने की उम्मीद जताई जा रही है। इसलिए पार्टी ने लोकसभा की 48 और राज्य विधानसभा की 288 सीटों से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। जिले की दो लोकसभा और 10 विधानसभा में सम्मेलन कर पार्टी का संगठन तैयार किया जाएगा।इसके लिए पहला सम्मेलन 25 नवंबर को हातकणंगले तहसील के पेठ वडगांव में होगा।