ममता दीदी के 40 विधायक भाजपा के संपर्क में है : नरेंद्र मोदी 

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – पश्चिम बंगाल में भाजपा और तृणमुल कांग्रेस में पग-पग पर लड़ाई बढ़ती जा रही है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चौंकाने वाला दावा करके राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। उन्होंने कहा है कि ममता बनर्जी के तृणमुल कांग्रेस के 40 विधायक भाजपा के संपर्क में है। पश्चिम बंगाल में भाजपा को बड़ी जीत मिलने का विश्वास प्रधानमंत्री मोदी ने जताया है। पश्चिम बंगाल के सेरामपुर में एक सभा को संबोधित करते हुए यह विश्वास जताया। उन्होंने दावा किया कि 23 मई को आपको हर तरफ आपको भाजपा नजर आएगी।

उन्होंने ममता बनर्जी का नाम लिये बिना कहा कि आपके विधायक हमारे संपर्क में है। आपको छोड़कर विधायक हमारे साथ आ जाएंगे। उन्होंने कहा कि आपने अपने लोगों के साथ विश्वासघात किया है इसलिए वे हमारे साथ आ रहे हैं। इसलिए ममता दीदी आपकी मुश्किलें बढ़ गई है। पश्चिम बंगाल में 42 सीटों के लिए 7 चरणों में मतदान हो रहा है। वहीं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा था कि इस राज्य में पिछले चुनाव में केवल दो सीटें भाजपा ने जीती थी। लेकिन इस बार पश्चिम बंगाल में हमें अच्छी सफलता मिलेगी। उस वक्त ममता बनर्जी ने भाजपा को चुनौती दी थी और कहा था कि भाजपा को यहां से रसगुल्ला मिलेगा।