मनमोहन सिंह लड़ेंगे लोकसभा चुनाव?

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चा जोरों शोरों से शुरू हो गई है। बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह इस वर्ष 14 जून को राज्यसभा से सेवानिवृृत हो रहे हैं। साथ ही उसी दौरान एक अन्य कांग्रेसी राज्यसभा सांसद सांतियुस कुजूर राज्यसभा से रिटायर हो रहे हैं। ये दोनों असम से निर्वाचित हुए थे। भाजपा द्वारा राज्य में विजय प्राप्त करने तथा उनके पुन: चुने जाने के लिए कांग्रेस के पास पर्याप्त संख्या में विधायक नहीं हैं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के अनुसार पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सांसद बने रहेंगे। दूसरी ओर उच्च सदन में इस वर्ष तमिलनाडु के अतिरिक्त कोई पद रिक्त नहीं है। इसी बात को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या मनमोहन सिंह लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, और लड़ेंगे तो किस निर्वाचन क्षेत्र से। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब के कांग्रेस नेता ने कहा कि मनमोहन सिंह पंजाब से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं और वह पंजाब में किसी भी सीट से आसानी से जीत सकते हैं, लेकिन अफवाहें यह भी हैं कि वह संभवत: अमृतसर से चुनाव लड़ेंगे।