हमारी ताकत पर ही लड़ेंगे मनपा चुनाव

देवेंद्र फडणवीस ने पुणे में कहा

पुणे प्रतिनिधि : विपक्ष नेता देवेंद्र फडणवीस ने गुरूवार को पुणे में कहा कि हमें किसी की भी जरूरत नहीं है। आगामी महानगरपालिका चुनाव हमारी ताकत पर ही लड़ेंगे और जीतकर दिखाएंगे।

पुणे मनपा में भाजपा की सत्ता है। फडणवीस जब मुख्यमंत्री थे तब कई विकास कार्यों को मंजूरी दी गई थी। अभी तक कई विकास कार्य लंबित है। उनका जायजा लेने के लिए महापौर मुरलीधर मोहोल ने उन्हें निमंत्रित किया था। उस अनुसार गुरूवार को वह पुणे दौरे पर आए हुए थे। फडणवीस ने इस सिलसिले में मनपा आयुक्त के साथ बैठक ली। दूसरी ओर आगामी पुणे मनपा चुनावों की तैयारियों के लिए सभी पार्टियों ने कमर कसी हुई है। अब जब राज्य में शिवसेना ने भाजपा का दामन छोड़ दिया है तो मनपा चुनावों के समय भाजपा महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के साथ गठबंधन करेगी ऐसी चर्चाओं ने जोर पकड़ा हुआ है लेकिन इन चर्चाओं पर पूर्णविराम लगाते हुए फडणवीस ने गुरूवार को कहा कि आगामी मनपा चुनावों में हमें नए मित्र जोड़ने की जरूरत नहीं है। हम खुद के बलबूते पर चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे भी।

उन्होंने कहा कि शहर में लंबित विकास कार्यों का जायजा लिया गया। जो जो विकाय कार्य शुरू कर दिए गए हैं उन्हें रफ्तार से आगे बढ़ाना होगा। समय में ही उन्हें पूरा करना होगा। मैं जब मुख्यमंत्री था तब शहर के लिए विविध योजनाएं मंजूर की गई थी। उनमें 24 घंटे जलापूर्ति योजना का समावेश है। अब मनपा ने नदी परिसर में सुशोभीकरण करने की परियोजना हाथ में ली हुई है। पुणे मेट्रो का 21 किलोमीटर का पहला चरण इस साल से शुरू होगा। दूसरे चरण को अगले साल निधि मिले ऐसी अपेक्षा है। उसके लिए कोशिश की जाएगी।