मराठा आरक्षण: पटरियों पर बैठे प्रदर्शनकारी, रेल यातायात प्रभावित

मुंबई | समाचार ऑनलाइन   

मराठा आरक्षण की मांग को लेकर बुधवार सुबह मुंबई में जगह-जगह प्रदर्शन किये गए। इस दौरान सैंकड़ों की तादाद में प्रदर्शनकारियों ने ठाणे स्टेशन पर रेल रोको आंदोलन किया। प्रदर्शनकारी पटरियों पर बैठ गए, जिसके चलते रेल यातायात बाधित रहा। कल्याण की ओर जाने वाली लोकल ट्रेनें आगे नहीं बढ़ सकीं। इसी तरह, सीएसटीएम की ओर जाने वाली लोकल ट्रेनों की आवाजाही पर भी असर पड़ा। गौरतलब है कि आरक्षण की मांग को लेकर मराठा समुदाय ने बुधवार को मुंबई बंद का ऐलान किया था। इस बंद का सबसे ज्यादा असर मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई में देखा गया। वहीं, जोगेश्वरी स्टेशन के पास पश्चिम उपनगरीय रेलवे मार्ग पर भी प्रदर्शनकारियों ने ट्रेनों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस आंदोलनकारियों को समझाकर ट्रैक से हटाने की कोशिश में लगी हुई है।