शोक प्रस्ताव का विरोध करनेवाला एमआईएम नगरसेवक गिरफ्तार 

औरंगाबाद। पुणे समाचार ऑनलाइन
देश के भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के देहांत पर शोक प्रस्ताव का विरोध जतानेवाले एमआईएम के नगरसेवक मतीन सय्यद को औरंगाबाद की सिटी चौक पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ उपमहापौर विजय औताडे ने शिकायत दर्ज कराई है। वहीं शोक प्रस्ताव का विरोध करने से आक्रोशित होकर जिन नगरसेवकों ने मतीन की पिटाई की थी, उन पांच नगरसेवकों के खिलाफ भी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। बहरहाल शुक्रवार को औरंगाबाद मनपा में घटी इस घटना का वीडियो देशभर में वायरल हो चूका है।
अटलजी के देहांत से पूरे देशभर में शोक व्याप्त है। हर स्तर, हर तबके से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है। औरंगाबाद मनपा की विशेष सर्व साधारण सभा में अटलजी के देहांत पर शोकसभा में एमआइएम के नगरसेवक मतीन सय्यद द्वारा विरोध जताए जाने से खासा हंगामा मचा। उसके विरोध से आक्रोशित नगरसेवकों ने नगरसेवक की जमकर पिटाई की। यही नहीं महापौर से उनके खिलाफ मामला दर्ज कर नगरसेवक पद खारिज करने की मांग भी की। मारपीट में घायल नगरसेवक मतीन को घाटी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान ही मतीन को कैदी वार्ड में शिफ्ट किया गया। यहां से डिस्चार्ज मिलते ही उन्हें सिटी चौक पुलिस ठाणे लाया जायेगा। बढ़ते तनाव को ध्यान में रख इलाके में पुलिस ने चाक चौबंद व्यवस्था राखी है। बहरहाल नगरसेवक मतीन की शिकायत के आधार पर सिटी चौक पुलिस ने भाजपा नगरसेवक प्रमोद राठोड, राजगौरव वानखेडे, उपमहापौर विजय औताडे और अन्य दो नगरसेवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं उपमहापौर औताडे की शिकायत के आधार पर मतीन के खिलाफ मामला दर्ज उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। सर्व साधारण सभा में मतीन सय्यद से मारपीट के बाद उनके समर्थकों द्वारा मनपा परिसर में तोड़फोड़ मचाई थी, इस मामले में नौ लोगों की शिनाख्त की जा रही है। इनमे से तीन लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी खबर है।
[amazon_link asins=’B07FDTYKRW’ template=’ProductCarousel’ store=’policenama100-21′ marketplace=’IN’ link_id=’f286ce9e-a2c8-11e8-860f-05e6f5abfa2c’]