दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रचार का बिगुल फूंकेंगे मोदी

 

नई दिल्ली, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)| नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के विरोध में राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रविवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रचार अभियान की शुरुआत कर रही है और अवैध कॉलोनियों को वैध करने के अपने फैसले को बड़ी उपलब्धि बता रही है। इसी के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस और दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) पर हमला करेंगे।

भाजपा की दिल्ली इकाई इस रैली को अभूतपूर्व रूप से सफल बनाने के लिए पिछले एक महीने से एकजुट होकर काम कर रही है। माना जा रहा था कि भाजपा की दिल्ली इकाई में गुटबाजी हो गई है।

इस रैली में मोदी के अलावा भाजपा के शीर्ष मंत्री, दिल्ली के सातों सांसद और पार्टी की दिल्ली इकाई के सभी नेताों के भी उपस्थित रहने की उम्मीद है।

चुनाव आयोग द्वारा दिल्ली विधानसभा सभा चुनाव की तिथि की घोषणा अभी नहीं की गई है, लेकिन इनके फरवरी में होने की उम्मीद जताई जा रही है।