मोदी आज शाम भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे

नई दिल्ली (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दोबारा सत्ता में आने की प्रबल संभावनाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार शाम यहां स्थित मुख्यालय पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं। मतगणना हालांकि अभी जारी है, लेकिन चुनाव आयोग द्वारा जारी रुझानों के अनुसार, लोकसभा की कुल 542 सीटों में से भाजपा 290 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि कांग्रेस सिर्फ 52 सीटों पर आगे है।

पार्टी ने नरेंद्र मोदी के भव्य स्वागत के लिए भारी संख्या में लोगों को पार्टी कार्यालय आने के लिए कहा है। आमंत्रण के अनुसार, “भाजपा के विजय समारोह में शामिल होने के लिए 6/ए दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित भाजपा मुख्यालय पर आप आमंत्रित हैं।”

भाजपा प्रमुख अमित शाह भी अपराह्न लगभग दो बजे पार्टी मुख्यालय पहुंच सकते हैं। पार्टी के एक अधिकारी ने कहा कि भाजपा की सर्वोच्च निर्णायक इकाई संसदीय बोर्ड की भी गुरुवार शाम या शुक्रवार को बैठक हो सकती है।