मोदी का विजन ‘राष्ट्रधर्म’ : प्रज्ञा

भोपाल (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – मध्य प्रदेश के भोपाल संसदीय क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर निर्वाचित साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने पार्टी को मिली भारी सफलता को राष्ट्रधर्म की जीत बताया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को भी राष्ट्रधर्म बताया है।

प्रज्ञा ने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को लगभग साढ़े तीन लाख से अधिक वोटों से पराजित करने के बाद शुक्रवार को यहां भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं के बीच कहा, “देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जो जीत मिली है, वह राष्ट्रधर्म की जीत है। मोदी को जो जीत मिली है, उतनी परम विजय पहले किसी को नहीं मिली। मोदी जी ने जो मंत्र दिया, उससे देश की जनता के मन में भाव जागृत हुआ।”

प्रज्ञा ने आगे कहा, “देश में 70 साल पहले जो दलित और शोषित जीवन जीते आए हैं, उससे वे उबर पाए हैं। इस चुनाव में यह साबित हो गया है कि प्रधानमंत्री मोदी का जो विजन है, वह राष्ट्रधर्म है। उसमें अपनी जनता की क्या भूमिका होती है, प्रत्येक नागरिक की क्या भूमिका होती है, वह इस चुनाव में देखने को मिली है।”

प्रज्ञा ने इस चुनाव में भाजपा को मिली सफलता के लिए प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह द्वारा किए गए कार्यो का प्रतिफल बताया। उन्होंने वादा किया कि वह भोपाल के विकास के लिए एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि की भूमिका का निर्वहन करेंगी।