सीरियल में काम दिलाने के नाम पर छेड़छाड़

पुणे : समाचार ऑनलाईन –  मराठी फिल्म और टेलीविजन के एक अभिनेता को 17 वर्षीय लड़की संग छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि फोटोशूट के नाम पर अभिनेता ने लड़की को बिकनी पहनने के लिए मजबूर किया और उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की। इस घटना के बाद सदमे में आई पीड़िता ने अपनी मां को आपबीती बताई। इसके बाद दोनों ने स्थानीय वकील चिन्मय भोसले की सहायता से डेक्कन जिमखाना पुलिस थाने में मंदार संजय कुलकर्णी (34) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता एक एक्टिंग वर्कशॉप में कुलकर्णी से मिली और उन्होंने उसे एक सीरियल में एक्टिंग का ऑफर दिया। इसी नाटक के फोटोशूट के लिए कुलकर्णी ने उसे 16 जुलाई को अपने ऑफिस में बुलाया और फोटोशूट के नाम पर उसे बिकनी पहनने पर मजबूर किया। आरोपी ने लड़की को पांच बिकनी पहनने को दी थी और जब पीड़िता ने उसके लिए मना किया तो आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना के बाद लड़की सदमे में थी। उसने 22 अगस्त को अपनी मां को इस घटना के बारे में बताया और 23 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके अनुसार डेक्कन पुलिस ने कुलकर्णी के खिलाफ आईपीसी, आईटी एक्ट और बाल शोषण अधिनियम (पाक्सो) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।