महाराष्ट्र में इस साल देर से सक्रिय होगा मानसून 

पुुुणे : समाचार ऑनलाइन – मानसून की गतिविधियों में कोई उल्लेखनीय फर्क नहीं पड़ा है। मानसून अभी भी अंडमान के समुद्र व निकोबार द्वीप पर ठहरा हुआ है तथा धीरे-धीरे अंडमान में प्रवेश कर रहा है। केरल में 20 मई तक मानसून के सक्रिय हो जाने की संभावना थी, मगर मौसम में बदलाव से यह अभी तक गतिमान नहीं हो पाया। केरल में मानसून के 6 जून तक सक्रिय होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।

मौसम विज्ञान के एक्सपर्ट जीवनप्रकाश कुलकर्णी ने बताया कि इस वर्ष राज्य में अभी तक मानसून पूर्व होने वाली बारिश नहीं हुई है। इस वजह से तापमान में वृद्धि हो रही है। राज्य के अधिकांश जिलों में पारा 40 डिग्री के ऊपर है। हर साल महाराष्ट्र में 7 जून से मानसून शुरू होता है। इस साल केरल में मानसून 6 जून को प्रवेश करेगा, इसके चलते जून महीना आधा समाप्त होने के बाद यहां बारिश होगी। म्यांमार एवं श्रीलंका में सक्रिय होने के बाद मानसून के केरल में पहुंचने की संभावना है। पुणे मौसम विभाग प्रमुख डॉ। अनुपम काश्यपी ने कहा कि मानसून फिलहाल अरब सागर में ठहरा हुआ है। 29 व 30 मई को गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

पुणे मौसम विभाग कार्यालय के अनुमान के अनुसार विदर्भ में 1 जून तक गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। 30 मई को मध्य महाराष्ट्र एवं मराठवाड़ा में कुछ जगहों पर गर्मी तेज होगी। मंगलवार को पुणे में 39.7 डिग्री, लोहगांव में 40.9 डिग्री, जलगांव में 43.6 डिग्री, मालेगांव में 42.4 डिग्री, सातारा में 41.2 डिग्री, सोलापुर में 43.8 डिग्री, उस्मानाबाद में 43.4 डिग्री, औरंगाबाद में 42 डिग्री, परभणी में 46.1 डिग्री, नांदेड़ में 44.5 डिग्री, बीड़ में 44.2 डिग्री, अकोला में 45.6 डिग्री, अमरावती में 45.8 डिग्री, बुलढाना में 41.7 डिग्री, ब्रह्मपुरी में 46.9 डिग्री, चंद्रपुर में 47.8 डिग्री, गोंदिया में 45.5 डिग्री, नागपुर में 47.7 डिग्री, वर्धा में 46.5 डिग्री तथा यवतमाल में 45 डिग्री सेल्सियश तापमान दर्ज किया गया।