पुणे जिले में सवा तीन लाख से ज्यादा संक्रमित हुए कोरोना मुक्त

पुणे। महामारी कोरोना के दूसरे दौर की संभावनाओं के बीच पुणे जिले में शुक्रवार को जहां संक्रमितों का आंकड़ा संख्या 3 लाख 45 हजार 533 तक पहुंच गया है, जिसमें से 3 लाख 26 हजार 10 मरीज महामारी को मात देकर अस्पताल से घर लौटने में सफल रहे हैं। फिलहाल जिले के अस्पतालों में 11 हजार 166 मरीजों इलाज जारी है। अब तक 8357 मरीजों की मौत दर्ज हुई है। जिले में कोरोना से मृत्यु का प्रमाण 2.42 फीसदी दर्ज हुआ है जबकि रिकवरी रेट 94.35 फीसद रह गया है।

पुणे संभाग (पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर) में कोरोना से मरनेवालों की संख्या 15 हजार पार कर गई है। संभाग में अब तक 29 लाख 16 हजार 523 लोगों की टेस्ट की गई है। उनमें से अब तक 5 लाख 39 हजार 439 संक्रमित पाए गए हैं। उनमें से 5 लाख 9 हजार 779 मरीजों ने महामारी को मात दी है। फिलहाल 14 हजार 580 मरीजों का इलाज जारी है। जबकि अब तक 15 हजार 80 मरीजों की मौत दर्ज हुई है। संभाग में रिकवरी रेट 94.50 व डेथ रेट 2.80 फीसदी दर्ज हुआ है।

संभागीय आयुक्त सौरभ राव के अनुसार, पुणे संभाग में जहाँ संक्रमितों की संख्या सवा 5 लाख पार कर गई है वहीं 5 लाख से ज्यादा लोगों ने महामारी को मात दी है। संभाग में शुक्रवार को 1714 संक्रमित कोरोना मुक्त हुए हैं। इसमें पुणे जिले के 1052, सातारा जिले के 285, सोलापुर जिले के 173, सांगली जिले के 45 और कोल्हापुर जिले के 59 मरीज शामिल हैं। गत 24 घँटे के भीतर महामारी के 1172 नए मरीज मिले हैं। अकेले पुणे जिले के 793 मरीजों के अलावा सातारा में 153, सोलापुर में 180, सांगली में 34 और कोल्हापुर जिले में 12 नए संक्रमित मरीज मिले हैं।

पुणे के बाद कोरोना के सर्वाधिक मरीज सातारा जिले में मिल रहे हैं जहां संक्रमितों का आंकड़ा 51 हजार 522 हो गया है। इसमें से 49 हजार 155 मरीज इलाज के बाद घर लौट गए हैं जबकि 1725 मरीजों की मौत हो गई है। फिलहाल 642 मरीजों का इलाज जारी है। सोलापुर जिले में मरीजों की संख्या आज 46 हजार 362 हो गई है। इसमें से 42 हजार 695 को अस्पतालों से डिस्चार्ज मिल गया है जबकि 1611 की मौत हो चुकी है। जिले के अस्पतालों में फिलहाल 2056 पॉजिटिव मरीजों का इलाज जारी है। सांगली जिले में आज संक्रमितों का आंकड़ा 46 हजार 912 हो गया है। इसमें से 44 हजार 803 मरीज स्वस्थ हो चूके हैं। जबकि 1700 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 409 मरीजों का इलाज जारी है। कोल्हापुर में 49 हजार 110 संक्रमितों में 1687 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां अब तक 47 हजार 116 मरीज अस्पताल से घर लौट चुके हैं। फिलहाल 307 मरीजों का इलाज चल रहा है।