मप्र में तेज धूप, बौछारें पड़ने की संभावना

भोपाल (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में शुक्रवार को तेज धूप है और गर्मी का असर बना हुआ है। वहीं, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी चलने के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।

राज्य के मौसम में बदलाव का दौर जारी है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में लू का असर रहा, वहीं कई स्थानों पर बौछारें भी पड़ीं। बीते 24 घंटों के दौरान खरगोन सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड व हिमाचल में विपरीत हवाओं का चक्रवात बनने के कारण मध्य प्रदेश में नमी आ रही है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में बौछारें पड़ने के साथ धूल भरी आंधी चल सकती है।

राज्य के मौसम में बदलाव का दौर जारी है। शुक्रवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 23.1, ग्वालियर का 24.1 और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 24.4 सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, गुरुवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 40.4 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 42.4 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रहा।