मप्र : कमलनाथ ने दावोस में उद्योगपतियों से की निवेश की बात

भोपाल (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने स्विटजरलैंड के दावोस में विश्व आर्थिक सम्मेलन में अडानी समूह के गौतम अदाणी सहित अन्य उद्योग पतियों से राज्य में निवेश की संभावनाओं के बारे में चर्चा की। मध्य प्रदेश के जनसंपर्क विभाग द्वारा गुरुवार को जारी आधिकारिक बयान में बताया गया है कि मुख्यमंत्री कमल नाथ ने वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम द्वारा दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक सम्मेलन में मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं के बारे में उद्योगपतियों से मुलाकात की। बुधवार को मुख्यमंत्री ने देश के बड़े उद्योगपतियों से अलग-अलग भेंट कर उन्हें मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ सभी उद्योगपतियों ने उत्साहपूर्वक चर्चा की और प्रदेश में हर प्रकार की संभावनाओं को तलाश कर निवेश करने का भरोसा दिया।

विश्व आर्थिक मंच पर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अदाणी ग्रुप के गौतम अदाणी, वेलस्पन ग्रुप के बी.के. गोयनका, डालमिया ग्रुप के पुनीत डालमिया, भारत फोर्ज के अमित कल्याणी, ट्राइडेंट ग्रुप के राजिंदर गुप्ता, अदाणी पावर के अनिल सरदाना, अमर राजा ग्रुप के जयदेव गाल्ला, वी ई कॉमर्शियल्स के राहुल राय, आईनॉक्स ग्रुप के सिद्धार्थ जैन, सन ग्रुप के शिव खेमका, ट्राईमेक्स ग्रुप के प्रदीप कोनेरू, आरएमजेड कॉर्प के मनोज मेंडा, भारती इंटरप्राइजेज के राकेश भारती मित्तल, रिन्यू पावर के सुमंत सिन्हा, सुजलॉन एनर्जी के तुलसी तांती और लुलु ग्रुप के एम़ ए़ यूसुफ अली से मुलाकात की।

इस संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी उद्योगपतियों को प्रदेश की निवेश नीतियों और राज्य सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। उद्योगपतियों के साथ मुलाकात में मुख्यमंत्री के साथ मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव एस़ आऱ मोहंती, प्रमुख सचिव उद्योग मोहम्मद सुलेमान और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव अशोक बर्णवाल भी मौजूद थे। वहीं दावोस में सीआईआई और मध्यप्रदेश सरकार के संयुक्त तत्वावधान में ‘इन्वेस्ट मध्य प्रदेश’ कॉन्फ्रेंस हुई। इस मौके पर मुख्यमंत्री नाथ ने प्रतिभागी उद्योगपतियों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

कॉन्फ्रेंस में दुबई लूलू ग्रुप के एमए यूसुफ अली ने मुख्यमंत्री नाथ को विश्वास दिलाया कि कंपनी द्वारा मध्य प्रदेश में कन्वेशन सेंटर की स्थापना की जाएगी। वेलस्पन ग्रुप के बी़ क़े गोयनका ने जलापूर्ति एवं आधारभूत संरचना में निवेश का भरोसा दिया। ट्राईडेंट ग्रुप के राजिंदर गुप्ता ने प्रदेश में शीघ्र ही टेक्सटाइल क्षेत्र में निवेश करने का आश्वासन दिया, जिसमें 10 हजार लोगों के लिए रोजगार की संभावनाएं पैदा होंगी।