Mumbai News : 29 जनवरी से बहाल होंगी 204 लोकल ट्रेनें

मुंबई : ऑनलाइन टीम – मुंबई रेलवे को लेकर एक अपडेट सामने आया है। दरअसल मुंबई उपनगरीय क्षेत्र में शुक्रवार से 204 विशेष लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी। रेलवे अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मध्य रेलवे और पश्चिमी रेलवे की ओर से मंगलवार को जारी संयुक्त बयान में कहा गया कि अतिरिक्त ट्रेनें चलाने के साथ ही उपनगरीय नेटवर्क पर चालू सेवाओं की कुल संख्या बढ़कर 2,985 हो जाएगी। बता दें कि वर्तमान में ये सेवाएं यात्रियों के चुनिंदा वर्ग के लिए ही उपलब्ध हैं।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि 204 अतिरिक्त सेवाएं शुरू होने के साथ कुल लोकल ट्रेन सेवाओं की लगभग 95 प्रतिशत सेवाएं बहाल हो जाएंगी जो कोविड-19 महामारी से पहले मध्य रेलवे और पश्चिमी रेलवे द्वारा संयुक्त रूप से संचालित की जा रही थीं। लोकल ट्रेन सेवाओं की संख्या बढ़ाने से पहले सोमवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा था कि सभी यात्रियों को उपनगरीय ट्रेन में यात्रा करने की अनुमति देने पर निर्णय जल्दी ही किया जाएगा।

पश्चिमी रेलवे ने कहा कि वह अपने नेटवर्क पर सौ प्रतिशत उपनगरीय सेवाएं बहाल कर देगा, लेकिन बाद में यह निर्णय वापस ले लिया गया। फिलहाल लोकल ट्रेन में सभी यात्रियों के आने की अनुमति नहीं है। केवल जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं, दिव्यांग और कैंसर मरीजों को सफर करने की इजाजत है।