मुंबई को बहुत जल्द मिलेगी एक और राजधानी एक्सप्रेस 

मुंबई: समाचार ऑनलाइन – मुंबई -दिल्ली के बीच जल्द एक और ‘राजधानी’ चलायी जाएगी। ये ट्रेन मुंबई के सीएसटीएम से रवाना होगी, लेकिन दिल्ली में इसका स्टेशन कौनसा होगा यह अभी तय नहीं हो पाया है। मुंबई से दिल्ली के बीच ये तीसरी राजधानी एक्सप्रेस  होगी। सेंट्रल रेलवे इसका संचालन करेगा। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने इसे सैद्धांतिक तौर पर मंजूरी दे दी है।

शिवसेना सांसद हेमंत गोडे ने बताया कि नई राजधानी नासिक से होकर जाएगी, ये असल मायनों में महाराष्ट्र की राजधानी होगी। क्योंकि मौजूदा समय से मुंबई से जो ‘राजधानी’ चलती है, वो राज्य की केवल 110 किलोमीटर ही दूरी ही कवर करती है। इस कारण महाराष्ट्र के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि नई राजधानी नासिक, जलगांव से होकर गुजरेगी। इस रूट पर राजधानी एक्सप्रेस की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जो आख़िरकार अब जाकर पूरी हुई है। ट्रेन की विधिवत तौर पर शुरुआत की तिथि का ऐलान जल्द ही किया जाएगा।

रिपोर्ट के अनुसार, ट्रेन को मुंबई से मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस हरी झंडी दिखाकर रवाना कर सकते हैं। मुंबई-दिल्ली रूट पर हजारों लोग यात्रा करते हैं। ये रेलवे के सबसे व्यस्त रूट में से एक है। रेलवे जल्द ही राजधानी से भी तेज चलने वाली ट्रेन-18 को वाराणसी और दिल्ली के बीच शुरू करने वाला है। ट्रेन का ट्रायल हो चुका है। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने हाल ही में ट्रेन 18 को आधिकारिक तौर पर भारत की सबसे तेज ट्रेन घोषित किया था।