नरेंद्र मोदी अटल बिहारी वाजपेयी की हार को भूले नहीं : सोनिया गांधी

रायबरेली : समाचार ऑनलाईन – रायबरेली में नामांकन भरने से पहले निकले रोड शो में सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2004 में अटल बिहारी वाजपेयी के जीतने का दावा कई लोगों ने किया था। राजनैतिक पंडितों ने भी यही तर्क दिया था। लेकिन कांग्रेस ने इन सारे तर्कों को गलत साबित कर दिया और अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंका। नरेंद्र मोदी ये बात नहीं भूले।

उत्तर प्रदेश के रायबरेली लोकसभा सीट से सोनिया गांधी पाचवीं बार लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरी है। रोड शो करते हुए उन्होंने गुरुवार को अपना नामांकन पत्र भरा। इससे पहले सोनिया गांधी ने परिवार के साथ होम हवन किया। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, रॉवर्ट वाड्रा व प्रियंका गांधी के दोनों बच्चे मौजूद थे। नामांकन भरने के बाद सोनिया गांधी ने पत्रकारों से बात करते हुए मोदी सरकार पर निशाना साधा। अजेय रहने का सपना देख रहे नरेंद्र मोदी पुराने दिनों को भूले नहीं।

राहुल गांधी ने भी नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि खुद को अजेय समझने वाले कई लोग भारत का इतिहास बन चुके हैं। उन्होंने नरेंद्र मोदी का नाम लिये बिना कहा कि वे भारतीय जनता की अपेक्षा खुद को बड़ा मानते हैं। पिछले पांच वर्षों में मोदी ने लोगों के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने अनिल अंबानी को ठेका क्यों दिया? यह बताये।