खेल दिवस पर राष्ट्रीय- अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का सम्मान

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – भारतीय खेल दिवस (29 अगस्त) के उपलक्ष्य में पिंपरी चिंचवड़ शहर के राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। पिंपरी चिंचवड़ मनपा की क्रीडा, कला, साहित्य व सांस्कृतिक समिति की ओर से कल (गुरुवार) सुबह 10 बजे चिंचवड़ के प्रो रामकृष्ण मोरे प्रेक्षागृह में यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। इसमें हालिया राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त पिंपरी चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय के सहायक पुलिस आयुक्त राम जाधव, आर आर पाटिल और पुलिस निरीक्षक बालाजी सोनटक्के को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
एक संवाददाता सम्मेलन में इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए महापौर राहुल जाधव, स्थायी समिति सभापति विलास मडिगेरी व क्रीडा, कला, साहित्य व सांस्कृतिक समिति सभापति तुषार हिंगे ने बताया कि, इस समारोह में पिंपरी चिंचवड़वासी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त विभूतियों और खिलाड़ियों का सम्मान किया जा रहा है। इसमें पद्मश्री रिटायर्ड नाइक सुभेदार मुर्लिकान्त पेटकर, राजीव गांधी खेल रत्न अंजली भागवत, अर्जुन पुरस्कार प्राप्त कैप्टन गोपाल देवांग, ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी विक्रम पिल्ले, अंतरराष्ट्रीय लॉन टेनिस खिलाड़ी नन्दन बाल और बॉक्सर विजय यादव समेत 19 शिव छत्रपति पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों का समावेश है।
इस समारोह में टीन-20 खेल प्रतियोगिता के लोगो का अनावरण किया जाएगा। साथ ही 144 स्कूली खिलाड़ी छात्रों को छात्रवृत्ति बांटी जाएगी। पुरस्कार वितरण और लोगो अनावरण जिले के पालकमंत्री चंद्रकांत पाटिल के हाथों किया जायेगा। इस मौके पर सांसद अमर साबले, श्रीरंग बारणे, डॉ अमोल कोल्हे, सुप्रिया सुले, विधायक लक्ष्मण जगताप, महेश लांडगे, गौतम चाबुकस्वार, पिंपरी चिंचवड़ नवनगर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सदाशिव खाड़े आदि उपस्थित रहेंगे।