बाढ़ पीड़ितों की ओर राष्ट्रवादी कांग्रेस ने बढ़ाया मदद का हाथ

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन –  मूसलाधार बारिश ने पश्चिम महाराष्ट्र में खासकर कोल्हापुर, सांगली, सातारा जिलों में हाहाकार मचा रखा है। इन जिलों में आई बाढ़ से हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस की पिंपरी चिंचवड़ इकाई ने मदद का एक हाथ आगे बढ़ाया है। जैसा कि बीते दिन पार्टी हाईकमान शरद पवार ने घोषित किया, शुक्रवार को पिंपरी चिंचवड़ मनपा में राष्ट्रवादी के नगरसेवकों ने अपना एक माह का मानदेय बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए देने का फैसला किया है।

मनपा में विपक्षी दल के नेता नाना काटे ने आज इस बारे में मनपा आयुक्त श्रावण हार्डिकर को एक पत्र सौंपकर राष्ट्रवादी के दो स्वीकृत सदस्यों समेत 38 नगरसेवकों का एक माह का मानदेय बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए देने की मांग की है। इस मौके पर पार्टी की महिला इकाई की शहराध्यक्षा व नगरसेविका वैशाली कालभोर और सुलक्षणा शिलवंत-धर उपस्थित थीं। काटे ने संवाददाताओं को बताया कि, मनपा में पार्टी के 36 नगरसेवक हैं और दो स्वीकृत सदस्य हैं। इन सभी 38 नगरसेवकों का एक माह का मानदेय कोल्हापुर, सांगली जिलों के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए मुख्यमंत्री सहायता निधि में जमा कराने का पत्र मनपा आयुक्त को दिया गया।

शहर के बाढ़ पीड़ितों को सीएसआर फ़ंड से हो मदद

विपक्ष के नेता नाना काटे ने मनपा आयुक्त श्रावण हार्डिकर को सौंपे एक अलग ज्ञापन के जरिए यह मांग की है कि, पिंपरी चिंचवड़ शहर के बाढ़ पीड़ितों को सीएसआर (कार्पोरेट सोशल रिस्पॉसिबलिटी) फ़ंड से मदद की जाय। शहर में नदी किनारे रहनेवाले हजारों लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। उन्हें स्थानांतरित किया गया है, मगर उनका पूरा संसार उजड़ गया है। सरकारी यंत्रणा से मिलनेवाली मदद पर्याप्त नहीं है। उनकी मदद के लिए उद्योगनगरी के तौर पर परिचित शहर की निजी कंपनियों से अपील की जाय और उनके सीएसआर फ़ंड से शहर के बाढ़ पीड़ितों की मदद की जाय।