नेपाल में बाढ़, भूस्खलन से 21 लोगों की मौत (लीड-1)

काठमांडू (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – नेपाल में मूसलाधार बारिश की वजह से आई बाढ़ और हुए भूस्खलन में करीब 21 की मौत हो गई है, जबकि 10 अन्य लापता हैं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। द हिमालयन टाइम्स के अनुसार, पुलिस ने बताया कि इस दौरान करीब 10 लोग घायल हुए हैं, जबकि 50 लोगों को बचा लिया गया है।

नेपाल आपातकालीन कार्यसंचालन केंद्र के प्रमुख बेद निधि खानल ने समाचार एजेंसी एफे को बताया कि देशभर में 200 से अधिक स्थानों की पहचान मॉनसून संबंधित आपदाओं के लिए अतिसंवेदनशील क्षेत्र के रूप में की गई है। बचाव दल, राहत कार्यो व खोज और बचाव कार्यो का संचालन कर रहे हैं।

राजधानी काठमांडू के भी कुछ हिस्से बाढ़ के पानी में जलमग्न हो गए हैं।

मृतकों में तीन सदस्य एक ही परिवार के थे। काठमांडू स्थित उनके घर की दीवार ढहने से तीनों उसकी चपेट में आ गए थे। वहीं तीन अन्य लोग पूर्व के खोतांग जिले में एक भूस्खलन में मारे गए।

जल विज्ञान और मौसम विज्ञान विभाग की प्रमुख अर्चना श्रेष्ठ ने एफे न्यूज को बताया कि देशभर में रविवार तक भारी बारिश होने की संभावना है।

वहीं, प्रधानमंत्री खडग प्रसाद शर्मा ओली ने बाढ़ और भूस्खलनों में मारे गए लोगों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति सांत्वना जताते हुए ट्वीट किया, “आपदा में मारे गए लोगों के परिवारों के साथ मेरी गहरी संवेदना है।”