नेपाल के पेट्रोल पंपों पर भारतीय आरटीओ पासिंग के वाहनों की कतारें!

नई दिल्ली। समाचार एजेंसी

देश में रोजाना पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने लोगों को बेहाल कर दिया है। ऐसे में लोगों ने इससे बचने का अलग-अलग तरीका आजमाना शुरू कर दिया है। तब बिहार के लोग भी क्यों पीछे रहे? बिहार के लोगों ने भी बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दामों से छुटकारा पाने का तोड़ निकाल लिया है। मोतिहारी के लोग नेपाल जाकर अपनी गाड़ियों में पेट्रोल भरवा रहे हैं। दरअसल, नेपाल की सीमा से लगे होने के कारण मोतिहारी के लोगों के लिए नेपाल जाना भी आसान है और वहां भारत की तुलना में पेट्रोल-डीजल सस्ता है।

मोतिहारी के लोग बिना रोकटोक नेपाल अपनी गाड़ियां लेकर जाते हैं और पेट्रोल भरवाकर वापस आ जाते हैं। नेपाल में भारत के मुकाबले पेट्रोल-डीजल सस्ता है, यही वजह है कि, नेपाल के पेट्रोल पम्पों पर भारतीय नंबर की मोटरसाइकलों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। मोतिहारी समेत बिहार में तेल नेपाल की अपेक्षा बहुत महंगा है। नेपाल में एक बार मोटरसाइकल की टंकी फुल करवाने पर करीब 150 से 200 रुपए की बचत हो जाती है। नेपाल में पेट्रोलियम की सप्लाई रक्सौल स्थति इंडियन ऑयल के डिपो से होती है, लेकिन वहां एक टैक्स सिस्टम होने की वजह से तेल सस्ता है जबकि, भारत में सेंट्रल और राज्यों के अलग-अलग टैक्स होने के कारण तेल महंगा हो जाता है।

नेपाल में पेट्रोल-डीजल का दाम

                         पेट्रोल- 108.50 नेपाली रुपया प्रति लीटर (भारतीय मुद्रा में 67.81 रुपए)

                        डीजल- 90.50 नेपाली रुपया प्रति लीटर (भारतीय मुद्रा में 56.56 रुपए)

बिहार में पेट्रोल-डीजल के दाम

पेट्रोल- 84.12 रुपए प्रति लीटर

डीजल- 74.25 रुपए प्रति लीटर