88 लाख की कोकीन के साथ पकड़ाया नाइजेरियन

पुणे : समाचार ऑनलाईन – पुणे के संभ्रांत इलाके में सप्लाई करने के लिए लाए गए 733 ग्राम कोकीन के साथ एक नाइजेरियन नागरिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से बरामद कोकीन की कीमत 88 लाख रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी का नाम शोलोडॉये सॅम्युअल जॉय (44, निवासी उंड्री, पुणे) है। पुणे पुलिस द्वारा एक माह में ऐसी दूसरी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिए जाने से खलबली मच गई है।
पुलिस ने बताया कि, जॉय खुद को कपड़ों का व्यापारी बताकर बिजनेस वीजा पर फरवरी में भारत आया था। कुछ दिन मुंबई में रहने के बाद वह पुणे आया और उंड्री परिसर रावत कॅप्सस्टोन सोसायटी के एक फ्लैट में रह रहा था। उस फ्लैट में वह कोकीन की छोटी- छोटी पुड़िया बनाकर शहर के संभ्रांत इलाकों के नशाखोरों को सप्लाई करता था। इस आधार ओर पुलिस निरीक्षक विजय टेकाले ने टीम तैयार कर उसकी खोजबीन शुरू की।
जॉय जिस फ्लैट में रहता था उस सोसाइटी को खोज निकालने के बाद वहां छापा मारा गया। यहां से 87 लाख 96 हजार रुपये की 733 ग्राम कोकीन, तीन लाख 68 हजार रुपए नकद, मोबाईल, तीन घड़ी, तराजू, प्लास्टिक की थैलियां आदि कुल 91 लाख 70 हजार रुपए का माल बरामद किया गया। इस कार्रवाई को पुलिस निरीक्षक विजय टेकाले, कर्मचारी अविनाश शिंदे, राहूल जोशी, महेंद्र पवार, प्रफुल्ल साबले, मनोज सालुंखे, अमित छडीदार, योगेश मोहिते की टीम ने अंजाम दिया।