नीरव मोदी भारत आना चाहता है, लेकिन…

मुंबई : समाचार ऑनलाइन – पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के 13,500 करोड़ डकारने वाले नीरव मोदी ने भारत आने से इंकार कर दिया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के साथ मेल द्वारा हुई बातचीत में नीरव ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सरेंडर करने से मना किया है। वहीं, मामले की मुंबई सेशन कोर्ट में सुनवाई के दौरान नीरव मोदी के वकील विजय अग्रवाल ने कहा कि मोदी भारत वापस लौटना चाहते हैं, लेकिन उन्हें जान का खतरा है। विजय अग्रवाल ने कहा कि,1 जनवरी 2018 को नीरव देश से अपना नियमित वीजा और पासपोर्ट लेकर गए थे परंतु वो देश छोड़कर नहीं भागे हैं।

मामले की अगली सुनवाई मुंबई सेशन कोर्ट ने 5 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दी है। ईडी ने अब तक पीएनबी घोटाले में नीरव मोदी की 637 करोड़ की संपत्ति ज़ब्त की है। ईडी के अनुसार नीरव की संपत्ति (आभूषण, फ्लैट और बैंक बैलेंस आदि) भारत,ब्रिटेन और न्यूयॉर्क समेत कई देशों पर स्थित है।

क्या बोला भगौड़ा

नीरव ने ईडी से कहा कि धमकियों और सुरक्षा कारणों से मैं भारत नहीं लौट सकता। मैंने होलिका दहन के दौरान खुद के पुतलों को लोगों द्वारा जलाते देखा है। उसने कहा कि उसके कर्मचारी (जिन्हें वेतन का भुगतान नहीं किया गया), मकान मालिक (जिनका किराया अभी देना बाकी है), उसके ग्राहक (जिनके गहने सीबीआई द्वारा जब्त कर लिए गए) और अन्य एजेंसियों व लोगों ने उसे धमकी दी है। नीरव ने कहा कि इतनी धमकियों के बाद मैं भारत नहीं लौट सकता।

बता दें कि ईडी ने नीरव मोदी और उसके मामा मेहुल चोकसी के खिलाफ 24 मई और 26 मई को आरोप पत्र दाखिल किए थे। इसके बाद दोनों के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किए गए हैं। इंटरपोल ने भी दोनों आरोपियों के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस (आरसीएन) जारी किया है।