देश में करोना मरीजों की संख्या 2 करोड़ के पार, ठीक होनेवाले मरीजों की संख्या बढ़ी

नई दिल्ली : देश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर चरम पर है। अब देश के कुल कोरोना मरीजों का आंकड़ा 2 करोड़ के पार पहुंच चुका है लेकिन राहत की बात ये है कि कोरोना के मरीजों के ठीक होने का आंकड़ा भी अब बढ़ने लगा है। देश में पिछले चौबीस घंटों में जहां एक बार फिर से 3.5 लाख से ज्यादा कोरोना मरीज मिले हैं वहीं दूसरी तरफ लगातार दूसरे दिन 3 लाख से ज्यादा मरीजों ने कोरोना को मात भी दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 3 लाख 57 हजार 229 मरीज मिले हैं जबकि 3449 मरीजों की मौत हो गई है।

कोरोना की स्थिति

देश में अभी कोरोना के कुल 2 करोड़ 2 लाख 82 हजार 833 केस हैं। इसमे से 1 करोड़ 66 लाख 13 हजार 292 लोगो को डिस्चार्ज मिल चुका है। हाल की स्थिति में कुल 34 लाख 47 हजार 133 एक्टिव केस हैं। अभी तक 2 लाख 22 हजार 408 मरीजो की मौत हो चुकी है।

महीने बाद नए मामलों की संख्या 50,000 से कम

महाराष्ट्र में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 48,621 नए मामले सामने आए, जिसके साथ ही राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 47,71,022 तक पहुंच गई। महाराष्ट्र में पिछले 30 दिन की अवधि में सोमवार को पहली बार एक दिन में नए मामलों की संख्या 50,000 के से कम दर्ज की गई है।

राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार महाराष्ट्र में सोमवार को कोविड-19 के 567 मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 70,851 हो गई। महाराष्ट्र में अप्रैल महीने में संक्रमण के नए मामलों की संख्या करीब 60,000 के आसपास दर्ज की गई थी। संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर राज्य सरकार ने 5 अप्रैल से लॉकडाउन जैसी पाबंदियां लागू की थीं। इसके बाद इस लॉकडाउन को 15 मई तक बढा दिया गया है।

 महाराष्ट्र में सोमवार को 2,11,668 सैंपल की जांच की गई, इसके साथ ही अब तक 2,78,64,426 नमूनों की जांच की जा चुकी है। इसके अनुसार सोमवार को 59,500 लोग संक्रमण मुक्त हुए। इसके साथ ही अब तक 40,41,148 मरीज ठीक हो चुके हैं। महाराष्ट्र में ठीक होने की दर 84.7 प्रतिशत है जबकि मृत्यु दर 1.49 प्रतिशत है। इस बीच, मुंबई में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2,624 नए मामले सामने आए, जिसके साथ ही शहर में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 6,58,621 तक पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, मुंबई में कोविड-19 के 78 और मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 13,372 हो गई।

मौतों में भारत ने मैक्सिको को भी पीछे छोड़ा

सबसे ज्यादा मौतों वाले देशों में भारत मैक्सिको को पीछे छोड़कर तीसरे नंबर पर आ गया है। यहां अब तक 2 लाख 18 हजार 945 लोग दम तोड़ चुके हैं। इस मामले में अमेरिका पहले नंबर पर है। यहां 5.92 लाख और ब्राजील में 4.07 लाख मौतें हो चुकी हैं। चौथे नंबर पर पहुंचे मैक्सिको में अब तक 2.17 लाख मौतें दर्ज की गई हैं।

12 राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस

स्वास्थ्य मंत्रालय के ज्वाइंट सेक्रेटरी लव अग्रवाल ने बताया कि देश में 12 राज्य ऐसे हैं, जहां एक लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। सात राज्यों में 50 हजार से एक लाख के बीच और 17 राज्यों में 50 हजार से भी कम एक्टिव केस है। उन्होंने बताया कि देश में कोरोना से डेथ रेट 1% के आसपास है। दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में केस कम हो रहे हैं। महाराष्ट्र में 12 जिलों में नए केसों में कमी आई है।