पुणे में पुराने वाड़ा ढहा; मलबे तले दबकर दो घायल

पुणे। सँवाददाता – पुणे शहर में रविवार की सुबह तब खलबली मच गई जब यहां बुधवार पेठ इलाके में एक जर्जर वाड़ा का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। इसके मलबे में दबकर 70 वर्षीय महिला समेत दो लोग घायल हो गए। दमकल विभाग के जवानों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया। उनके नाम गंगुबाई कल्याणी (70) और विनायक कल्याणी (48) हैं।
दमकल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार सुबह करीब सवा सात बजे के करीब हुआ। बताया जा रहा है कि सिंघालिया नामक यह वाड़ा 80 से 90 वर्ष पुराना है जिसका 75 प्रतिशत हिस्सा ढह गया। दमकल विभाग को जैसे ही हादसे की सूचना मिली, जवानों की एक टीम तुरंत  मौके पर पहुंच गई और पाया कि पहली मंजिल पर रह रहे परिवार के दो सदस्य मलबे के नीचे दबे हुए हैं। उन्हें मलबे के नीचे से निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया। इन दो घायलों के अलावा कोई भी इस वाडा में नहीं रह रहा था। यह काफी पुराना और जर्जर स्थिति में था।