ओमपुरी को भौतिक चीजों में दिलचस्पी नहीं थी : ‘द गांधी मर्डर’ की निर्माता

नई दिल्ली (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – आगामी फिल्म ‘द गांधी मर्डर’ की निर्माता लक्ष्मी आर. अय्यर का कहना है कि अभिनेता ओमपुरी भौतिक चीजों में दिलचस्पी नहीं रखते थे और कभी-कभी इस फिल्म की टीम के लिए सादा भोजन भी बनाते थे। ओम पुरी का छह जनवरी 2018 को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। वह 66 साल के थे।

लक्ष्मी ने आईएएनएस को बताया, “ओम सर अपने आप में एक संस्थान थे, जिनसे बहुत कुछ सीखा जा सकता था.. वह बहुत विनम्र थे और सबके साथ विनम्रता के साथ पेश आते थे। उन्हें किसी दृश्य के लिए तैयारी करते देखना और फिर बेहतरीन अदाकारी के साथ परफॉर्म करते देखना मेरे लिए आशीर्वाद की तरह था।”

उन्होंने कहा, “लह बहुत सरल इंसान थे, जो कभी-कभी टीम के लोगों के लिए सादा खाना भी बनाते थे। उन्हें भौतिक चीजों में दिलचस्पी नहीं थी।” ‘द गांधी मर्डर’ 30 जनवरी को रिलीज होगी और ओमपुरी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका में हैं।