शादी के दिन रेप के आरोप में दूल्हा गिरफ्तार, बैठा था घोड़ी पर 

बुलंदशहर. ऑनलाइन टीम : बुलंदशहर में एक शादी समारोह में अजीबोगरीब स्थिति देखने में आई।  बैंड-बाजे के साथ बारात रवानगी की तैयारी में ही थी कि फिल्मी स्टाइल में असली पुलिस की एंट्री हुई  दूल्हे को रेप के आरोप में गिरफ्तार कर ले गई। जानकारी के अनुसार, उक्त युवक ने गांव की ही एक युवती से जबरन संबंध बनाए थे, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई।
घटना बुलंदशहर के खानपुर थाना इलाके की है। आरोपी राहुल सोमवार को शादी करने के लिए बारात लेकर बुलंदशहर के तातारपुर जा रहा था। सभी लोग सज-धज कर बारात निकालने वाले ही थे कि पुलिस के आते ही अफरा-तफरी मच गई।

दरअसल, पुलिस दुष्कर्म के मामले में युवक को गिरफ्तार करने आई थी और वही युवक घोड़ी पर दुल्हा बना बैठा था। पुलिस के अनुसार, शादी का झांसा देकर पिछले कई महीने से उसके साथ दुराचार कर रहा था। इस दौरान वह पांच महीने की गर्भवती हो गई। आरोपी राहुल ने शादी के पहले पीड़िता को गर्भपात की दवा खिला दी, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।  उसे पास के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने पीड़िता के चाचा की तहरीर पर राहुल के खिलाफ मामला दर्ज किया। उसी की जांच के सिलसिले में पुलिस यहां पहुंची थी।