विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष के पीए और उसकी पत्नी पर हमला

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन –  बीते दिन शिरूर लोकसभा चुनाव क्षेत्र में मतदान भले ही शान्तिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, मगर मतदान के बाद यहां सियासी घमासान बढ़ गई है। बीती देर रात विधानसभा के भूतपूर्व अध्यक्ष और राष्ट्रवादी काँग्रेस के नेता दिलीप वलसे पाटिल के पीए और उसकी पत्नी पर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस के रिकॉर्ड पर हमलावर भले ही अज्ञात हों मगर वलसे पाटिल ने इस हमले के पीछे शिवसेना नेताओं का हाथ रहने का आरोप लगाया है।
आंबेगांव के मेंगडेवाड़ी में बीती देर रात डेढ़ बजे के करीब कुछ लोग वलसे पाटिल के पीए कालूदास दांगट के घर पर आए। उन्हें जगाकर घर से बाहर बुलवाया और उनपर हमला कर दिया। उन्हें बचाने दौड़ी उनकी पत्नी पर भी हमलावरों ने हमला कर दिया। उनका स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्थानीय पुलिस ने हमले की जानकारी हासिल कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस यह जानने में जुटी है कि दांगट दंपति पर हमला किसने और क्यों किया?
मतदान के बाद हुई इस वारदात से न केवल पूरे आंबेगांव तालुका बल्कि पूरे शिरूर लोकसभा चुनाव क्षेत्र में खलबली मच गई है। पुलिस अब तक हमलावर या हमले की वजह नहीं जान पायी है। हालांकि राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता दिलीप वलसे पाटिल ने इस हमले के पीछे शिवसेना का हाथ रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट के जरिये इस वारदात की जानकारी दी है। साथ ही इसके पीछे शिवसेना नेताओं का हाथ रहने का आरोप लगाते हुए घटना की कड़ी निंदा की है।