पाक को सता रहा डर, भारत फिर कर सकता है सर्जिकल स्ट्राइक

नई दिल्ली: समाचार ऑनलाइन – पाकिस्तान के रेलमंत्री शेख राशिद का हैरान कर देने वाला बयान सामने आया है। उन्होंने आशंका जताई है कि भारत एक बार फिर पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक कर सकता है। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए इमरान खान के मंत्री ने कहा कि 2019 में भारत ऐसा कर सकता है, क्योंकि हाल ही में मोदी को 5 राज्यों में हार का सामना करना पड़ा है।

मंत्री ने कहा कि 2019 दुनिया भर की राजनीति के लिहाज से एक महत्वपूर्ण वर्ष है। मोदी हालिया चुनावों में अपनी हार को देखते हुए पाकिस्तानी सीमाओं को छेड़ सकते हैं, सर्जिकल स्ट्राइक कर सकते हैं।

वहीं, भाजपा नेता नलिन कोहली ने शेख राशिद को जवाब देते कहा है कि नया पाकिस्तान बनाने का वादा करके सत्ता में आने के बावजूद पाकिस्तान सरकार और उसके नुमाइंदे भारत को लेकर बहुत भावुक नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा, यह साबित करता है कि उनके देश में अब भी आतंकवादी शिविर मौजूद हैं।

बता दें कि 28-29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी लॉन्च पैड्स पर सर्जिकल स्ट्राइक की थी। उरी में आतंकी हमले केबाद ये कदम उठाया गया था। जम्मू एवं कश्मीर के उरी स्थित सैन्य अड्डे पर 18 सितंबर 2016 को पाकिस्तानी आतंकियों ने हमला कर दिया था, जिसमें 19 भारतीय जवान शहीद हुए थे। 11 दिन बाद भारतीय सेना ने सीमा पार आतंकी ठिकानों पर सिलसिलेवार सर्जिकल स्ट्राइक कर मुंहतोड़ जवाब दिया था।