बिहार में आंशिक बदली छाई, लुढ़का पारा

पटना (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – बिहार की राजधानी पटना तथा राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में सोमवार को आंशिक बादल छाए हुए हैं, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को पटना का न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है, “अगले एक-दो दिनों के दौरान पटना सहित राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहेंगे तथा कई जिलों में बारिश होने की भी संभावना है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि के साथ बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जाएगी।”

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक भागलपुर का सोमवार को न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस, गया का 13.0 डिग्री तथा पूर्णिया का 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पटना का रविवार को न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री तथा अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सोमवार को पटना का अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने के आसार हैं।