पिंपरी चिंचवड : भाजपा के तालुका अध्यक्ष ने भेजा महिला पदाधिकारी को अश्लील वीडियो

पिंपरी। समाचार ऑनलाइन

पूरे देशभर में जहां #Metoo कैम्पेन के तहत आये दिन महिलाओं के उत्पीड़न के मामले सामने आ रहे हैं। वहीं पिंपरी चिंचवड में भाजपा के एक नेता ने अपनी ही पार्टी की महिला पदाधिकारी के साथ शर्मनाक हरकत किये जाने का चौंकानेवाला मामला सामने आया है। तालुका अध्यक्ष रहे इस भाजपा ने नेता ने भाजपा की ही महिला पदाधिकारी को व्हाट्सएप पर अश्लील वीडियो भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

इस बारे में 40 वर्षीय महिला पदाधिकारी की शिकायत के आधार पर भोसरी एमआईडीसी पुलिस ने आंनद देशमाने के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है। आरोपी भाजपा की भोर- वेल्हा तालुका इकाई का अध्यक्ष है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला और देशमाने की तीन साल पहले एक कार्यक्रम के दौरान जान- पहचान हुई थी। तब उसने महिला से उसका मोबाइल नंबर लिया था। गत दो सप्ताह से वह लगातार व्हाट्सएप पर महिला को मैसेज भेज रहा था।

महिला ने मैसेज भेजने से मना करने के बावजूद देशमाने लगातार मैसेज और वीडियो भेजता रहा। रविवार की रात साढ़े दस बजे के करीब तो उसने महिला को सीधे मोबाइल पर फोन किया और वीडियो पसंद आया या नहीं? पूछ लिया। साथ ही बातचीत में महिला का पति घर पर नहीं है, इसकी तसल्ली करने के बाद उसने व्हाट्सएप पर अश्लील वीडियो भेज दिया। इससे तंग आकर महिला ने उसके खिलाफ एमआईडीसीभोसरी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करा दी। अब पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।