पिंपरी चिंचवड: भाजपा की ‘ओपनिंग’ सभा ही विवादों के घेरे में!

पिंपरी। समाचार ऑनलाइन – भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव का बिगुल शिवसेना के कब्जेवाले लोकसभा चुनाव क्षेत्र से फूंकने की घोषणा की है। 3 नवंबर को निगड़ी प्राधिकरण स्थित मदनलाल धींगरा मैदान में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में ‘अटल संकल्प- 2019’ महासम्मेलन का आयोजन किया गया है। हालांकि यह महासम्मेलन आयोजन से पहले ही विवादों में घिरता नजर आ रहा है। अचरज की बात तो यह है कि इस विवाद की शुरुआत खुद भाजपा के खेमे से ही हुई है।

पूर्व सरपंच का नाबालिग बेटा लापता, अपहरण की आशंका

बीते सप्ताह शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रावसाहेब दानवे ने चिंचवड में की। इसके बाद जहां पूरी पिंपरी चिंचवड भाजपा महासम्मेलन की तैयारियों में जुट गई है वहीं भाजपा के ही एक कार्यकर्ता ने सत्तादल भाजपा को उस प्रस्ताव की याद दिलाई है, जिसमें शहर में खेल के मैदानों पर सियासी दलों के कार्यक्रमों, सभाओं के आयोजन पर रोक लगाई है। भाजपा के ही कार्यकर्ता सचिन कालभोर ने इसकी शिकायत राज्य सरकार के ‘आपले सरकार’ नामक वेबपोर्टल पर की है।

पिंपरी चिंचवड मनपा में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा ने खुद को सबसे अलग बताने और दिखाने की कोशिश में कई फैसले किये हैं। इसमें खेल के मैदानों पर सियासी दलों की सभाओं और कार्यक्रमों पर रोक लगाने का फैसला भी शामिल है। स्थायी समिति ने इसका प्रस्ताव भी पारित किया है। अब जबकि चुनाव करीब आये हैं तब भाजपा खुद अपने ही फैसलों को भुला बैठी है। इसका बड़ा उदाहरण है तीन नवंबर को निगड़ी के मदनलाल धींगरा मैदान में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में ‘अटल संकल्प-2019’ महासम्मेलन का आयोजन।
शिकायतकर्ता कालभोर का कहना है कि, धींगरा मैदान में शहर के खिलाड़ी विभिन्न खेलों की नियमित प्रैक्टिस करते हैं। बच्चों को खेलने के लिए मैदान खुला रहना जरूरी है। इसके बावजूद भाजपा नेताओं ने इस मैदान पर सभा का आयोजन किया है। लाखों लोग अगर सभा मे आएंगे तो पार्किंग की बड़ी समस्या भी खड़ी हो जाएगी। कालभोर ने जिस पोर्टल पर शिकायत की है वह मुख्यमंत्री के मातहत में है और मुख्यमंत्री ही इस सभा के प्रमुख मार्गदर्शक हैं। इस शिकायत की वे दखल लेते हैं या नहीं इसकी उत्सुकता बढ़ गई है। बहरहाल विपक्ष के नेता दत्ता साने ने भी मनपा आयुक्त को एक ज्ञापन पेश कर मदनलाल धींगरा मैदान में भाजपा की सभा के आयोजन का विरोध किया है। अगर मनपा इसके बाद भी सभा की अनुमति देती है तो राष्ट्रवादी कांग्रेस द्वारा आंदोलन किया जाएगा, यह चेतावनी भी उन्होंने दी है।