पिंपरी चिंचवड: अटल संकल्प महासम्मेलन में मुख्यमंत्री की शिवसेना को चेतावनी

पिंपरी। संवाददाता – आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा ने शनिवार को प्राधिकरण स्थित मदनलाल धींगरा मैदान में भाजपा द्वारा ‘अटल संकल्प- 2019’ महासम्मेलन के जरिये पिंपरी चिंचवड शहर से चुनाव का बिगुल फूंका गया। शिवसेना के कब्जेवाले मावल व शिरूर लोकसभा चुनाव क्षेत्र में आयोजित इस महासम्मेलन में भाजपा ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। खुद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने संबोधन में शिवसेना को चेतावनी दी कि, अगर वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नहीं है तो भाजपा के पास सक्षम प्रत्याशी है।

आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा और शिवसेना के गठबंधन को लेकर जारी खींचातानी के बीच मुख्यमंत्री ने शिवसेना को चेतावनी देने के लिए विधायक लक्ष्मण जगताप और महेश लांडगे के कंधों का इस्तेमाल किया। उन्होंने सभा स्थल पर मावल से इच्छुक विधायक जगताप और शिरूर से इच्छुक रहे विधायक लांडगे की संसद भवन के साथ झलक रही तस्वीरों की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा कि, 2014 में मोदी की लहर थी जो 2019 के चुनाव में सुनामी बने बिना नहीं रह सकेगी। देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत इरादों वाले नेतृत्व की जरूरत है। शिवसेना का नामोल्लेख टालते हुए मुख्यमंत्री ने उपरोक्त चेतावनी दी कि, उनके पास मावल और शिरूर में जगताप और लांडगे जैसे सक्षम प्रत्याशी है, जिन्हें हम लोकसभा तक पहुंचाए बिना नहीं रहेंगे।

तकरीबन अपने पौने घन्टे के संबोधन में मुख्यमंत्री ने न केवल अपने सरकार की उपलब्धियां गिनाई बल्कि बीते 15 सालों तक सरकार में रही कांग्रेस- राष्ट्रवादी कांग्रेस की सत्ता की उपलब्धियों के साथ तुलना भी की। पिंपरी चिंचवड के जिन लंबित मसलों को विपक्षी दलों ने भाजपा को निशाना बना रखा है, उन मसलों को लेकर उन्होंने शहरवासियों से चिंता न करने की अपील की। अवैध निर्माणों के नियमितीकरण, शास्तिकर माफी, जलापूर्ति का मसला, कचरा निपटारा सभी मसले हल करने का भरोसा भी उन्होंने दिलाया। भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों की एकजुटता पर फब्ती कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, दोनों कांग्रेस कितना भी एकजुट हो जाय कोई फर्क नहीं पड़ता। लोग अब उनके भुलावे में नहीं आएंगे। 2000 हजार लोग इकट्ठा नहीं कर पा रहे हैं, यह उनकी अवस्था है। उनके सपने मुंगेरी लाल के हसीन सपने समान हैं जो हकीकत में साकार नहीं हो पाते।

भाजपा द्वारा लोकसभा चुनाव की तैयारियों की शुरुआत ‘अटल संकल्प 2019’ महासम्मेलन से की गई है। इसकी पहली सभा पिंपरी चिंचवड में आज हुई। इस सभा के मंच पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रावसाहेब दानवे, महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटिल, पालकमंत्री गिरीश बापट, सांसद अनिल शिरोले, अमर साबले, विधायक लक्ष्मण जगताप, महेश लांडगे, बाला भेगड़े, योगेश टिलेकर, बाबूराव पाचरणे, लोकलेखा समिति के अध्यक्ष सचिन पटवर्धन, प्राधिकरण अध्यक्ष सदाशिव खाड़े, महापौर राहुल जाधव, वरिष्ठ नेता आजमभाई पानसरे, भाजपा के पुणे अध्यक्ष योगेश गोगावले, पुणे की महापौर मुक्ता तिलक, प्रदेश महासचिव उमा खापरे, मनपा के सभागृह नेता एकनाथ पवार, वरिष्ठ नगरसेवक विलास मड़ेगीरी, बाबू नायर, शीतल शिंदे आदि समेत कई नेता, पदाधिकारी, नगरसेवक मौजूद थे।

विज्ञापन