पिंपरी चिंचवड शहर के शिल्पकार को भूला दिया

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – छोटे- छोटे चार गांवों को मिलाकर पिंपरी चिंचवड शहर का निर्माण करनेवाले स्व अण्णासाहेब मगर ही शहर के शिल्पकार हैं। इस साल उनकी जन्म शताब्दी मनाई गई। मगर पिंपरी चिंचवड मनपा में न तो सत्तादल भाजपा औऱ न ही प्रशासन ने अण्णासाहेब की जयंती को याद रखा। यहां तक कि मनपा मुख्यालय के बाहर उनके पूर्णाकृति स्मारक पर माल्यर्पण करने तक की किसी ने सुध नहीं ली।
स्व अण्णासाहेब मगर की जयंती को भुला दिए जाने से अचरज से ज्यादा नाराजगी जताई जा रही है। विपक्षी दलों ने तो शर्मनाक बताकर इस पर से प्रशासन और सत्तादल भाजपा को आड़े हाथ लिया है। विपक्षी दल के नेता दत्ता साने ने प्रशासन और सत्तादल भाजपा की कड़ी निंदा की है। उन्होंने सवाल उठाया है कि महापुरुषों की जयंती मनाने वाले मनपा प्रशासन व भाजपा पिंपरी चिंचवड शहर के शिल्पकार को कैसे भूल गए।
एक बयान में उन्होंने कहा है कि, अण्णासाहेब ने पिंपरी, चिंचवड, भोसरी और आकुर्दी गांवों को एकत्र लेकर पिंपरी चिंचवड नगरपालिका की स्थापना की। यहीं से हमारे शहर की नींव रखी गई। मनपा में रूपांतरित होने के बाद शहर तेजी से आगे बढ़ता गया। शुक्रवार को अण्णासाहेब मगर की जन्म शताब्दी थी, लेकिन महापुरुषों की जयंती मनाने में आगे रहने वाले मनपा प्रशासन और सत्तादल को इसकी याद ही नहीं रही। उनके स्मारक की स्वच्छता कर माल्यार्पण करने तक की सुध नहीं ली गई।