पिंपरी चिंचवड़ मनपा ने बाधग्रस्तों के लिए दिए 1 करोड़

पिंपरी। संवाददाता : कोल्हापुर, सांगली जिलों के हजारों गांवों के बाढ़ से काफी नुकसान पहुंचा है। हजारों लोगों के घर तबाह हो गए, किसानों की खेती बाड़ी, पशुधन बर्बाद हो गए। इन जिलों के बाधग्रस्तों की सहायता की अपील राज्य सरकार ने की है। इसके अनुसार पिंपरी चिंचवड़ मनपा के भाजपा नगरसेवकों का एक माह का मानदेय एवं अधिकारी व कर्मचारियों का एक दिन का वेतन बाधग्रस्तों की सहायता के लिए देने का फैसला किया गया।
भाजपा नगरसवेकों के मानदेय व अधिकारियों और कर्मचारियों के एक दिन के वेतन से एक करोड़ 11 लाख रुपए की निधि संकलित हुई। इस निधि का चेक मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कराने के लिए  मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सौंपा गया। इसके लिए मनपा पदाधिकारी व कमर्चारी महासंघ के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधि मंडल मुंबई गया था। इसमें विधायक लक्ष्मण जगताप, महेश लांडगे, मनपा आयुक्त श्रावण हर्डीकर, महापौर राहुल जाधव, सभागृह नेता एकनाथ पवार, स्थायी समिति सभापति विलास मडिगेरी, सेवा विकास बैंक के चेयरमैन एड अमर मूलचंदानी, कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष बबनराव झिंजुर्ड, मनोज माछेरे आदि शामिल थे।