चेन स्नैचरों पर लगाम के लिए लोगों को जागरुक कर रही पुलिस

पुणे । समाचार ऑनलाइन

पिम्परी चिंचवड़ पुलिस ने चेन स्नैचरों पर लगाम लगाने के लिए लोगों को जागरुक करने का अभियान छेड़ा है। पुलिसकर्मी पीएमपी बसों में सवार होकर यात्रियों को समझा रहे हैं कि कैसे सतर्क रहकर लुटेरों को मात दी जा सकती है। गौरतलब है कि चेन स्नैचिंग की वारदातों में पिछले कुछ वक़्त में जबरदस्त तेज़ी आई है। पुलिस के लाख प्रयासों के बावजूद लुटेरों के हौसले बुलंद हैं, इसी के मद्देनज़र अब पुलिस ने “प्रवासी सुरक्षा अभियान” के नाम से लोगों को जागरुक करने की मुहिम छेड़ी है।

 

इस अभियान के तहत ज़ोन-3 के अंतर्गत आने वाले सभी 9 पुलिस स्टेशनों के पुलिसकर्मी पीएमपी बसों में सफ़र करने वाले यात्रियों को जागरुक कर रहे हैं। उन्हें बताया जा रहा है कि किस तरह महिलाएं लुटेरों का शिकार बनने से बच सकती हैं। इस अभियान की शुरुआत शुक्रवार को पिंपरी स्थित आंबेडकर बस स्टॉप से की गई। डीसीपी गणेश शिंदे ने बताया कि पिंपरी के साथ ही निगड़ी, चिंचवड़ भोसरी आदि इलाके में भी ये अभियान चलाया जाएगा।

शिंदे ने कहा कि ‘प्रवासी सुरक्षा अभियान’ लोगों में जागरुकता फैलाने के लिए है। हमारी इस पहल को अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। आगे भी इस तरह के अभियान चलाये जाते रहेंगे। शुक्रवार को डीसीपी गणेश शिंदे के साथ ही एसीपी सतीश पाटिलपिंपरी पुलिस निरीक्षक विट्ठल कुबड़े और अन्य पुलिस कर्मी अभियान में शामिल हुए।