प्रियंका ने कहा- खरबपतियों के लिए धड़कता है 56 इंच का सीना

सहारनपुर. ऑनलाइन टीम : कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मोदी का 56 इंच का सीना सिर्फ खरबपतियों के लिए धड़कता है। देश को आत्मनिर्भर बनाने वाले किसान की उनसे कोई पहचान नहीं। रोज किसानों को अपमानित कर रहे।कहते हैं यह आतंकवादी हैं, संसद में किसान का अपमान किया। आंदोलनगीरी कहकर अपमान किया। ऐसा व्यक्ति देशभक्त नहीं हो सकता। किसान 78 दिन से बॉर्डर पर हैं, उनकी सुध नहीं ली जा रही है।

माता माता शाकंभरी देवी स्थल पर तकरीबन 25 मिनट पूजा करने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा रायपुर खानकाह पहुंचीं। फिर वहां से एक घंटे के बाद सहारनपुर के चिलकाना में हो रही महापंचायत में पहुंचीं। उन्होंने किसानों का अभिवादन हाथ हिलाकर किया। मौके पर किसानों की भारी भीड़ जुटी हुई है।

उन्होंने किसानों का साथ फिर से दोहराया और कहा कि इस आंदोलन में हम आपके साथ हैं। जाग जाइए जिससे आप उम्मीद रख रहे हैं वो कुछ नहीं करेंगे। यह अस्तित्व का आंदोलन है, पीछे मत हटिए। कांग्रेस सरकार आएगी तो यह कानून रद्द होगा। न्यूनतम मूल्य भी तय होगा। मोदी की सरकार तो खरबपतियों को मदद करने की जिद करके बैठी हुई है। यह तो इसी उम्मीद में है कि आपकी फसल कैसे खरीदी जाए, खरबपति तय करेंगे। सरकारी मंडी डम्प हो जाएंगी। जमाखोर प्राइवेट मंडी में सामान डम्प करेंगे। जब चाहेंगे माल निकालेंगे।

याद रखें, कांट्रेक्ट फार्मिंग में धोखा मिलेगा। कम्पनी मनमाना दाम तय करेगी। सरकारी मंडी बन्द होगी। Msp बंद होगी, जमाखोरी बढ़ेगी। किसान की आवाज दबेगी। अरबपतियों की आवाज ही रहेगी। पीएम मोदी ने कहा था कि सत्ता में आते ही 15 हजार करोड़ का गन्ना भुगतान ब्याज समेत होगा। अब तक बकाया भुगतान नहीं हुआ। 2 हवाई जहाज 16 हजार करोड़ में खरीदे गए। पीएम मोदी की जुबान पक्की नहीं है। दिल्ली में संसद भवन के सौन्दर्यीकरण  के लिए 20 हजार करोड़ रखे, लेकिन किसानों को कोई भुगतान नहीं किया।