भाजपा के 90 सांसदों से नाखुश है जनता

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने जनता का मन टटोलना शुरू कर दिया है। पार्टी द्वारा नमो ऐप द्वारा एक सर्वे भी करवाया गया है, जिसमें उसके 90 सांसदों को ख़राब नंबर मिले हैं। सर्वे में पता चला है कि भाजपा के 90 सांसद ऐसे हैं, जिनसे न जनता खुश है न ही कार्यकर्ता।

सरकार के चार साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के कामकाज पर नमोऐप द्वारा जनता से राय मांगी थी। पार्टी ने संगठन स्तर पर भी एक सर्वे कराया। इसमें संगठन मंत्रियों और स्थानीय पदाधिकारियों की राय ली गई। आईटी टीम ने भी विभिन्न तरीकों से संगठन, कार्यकर्ताओं और जनता की प्रतिक्रिया इकट्ठी की। जिसमें इन सांसदों का रिकॉर्ड ख़राब आया।

इस सर्वे में जनता से कई सवाल पूछे गए थे। जैसे कि क्या आप अपने सांसद और विधायक के कामकाज से संतुष्ट हैं?, आपके क्षेत्र के तीन सबसे लोकप्रिय भाजपा नेता कौन हैं?, आपके राज्य के तीन सबसे लोकप्रिय नेता कौन हैं?, आपके अनुसार सरकार की तीन सबसे लोकप्रिय योजनाएं कौन सी हैं?, पांच स्टार में से अपने प्रदेश की सरकार के प्रदर्शन को कितने स्टार देंगे?, क्या आपको लगता है कि सरकार की गति व काम करने की क्षमता सुधरी है?

इस साल जून में सूरजकुंड में हुई संगठन मंत्रियों की बैठक में लोकसभा सीटों की समीक्षा की गई थी। इस बैठक में संघ के सरकार्यवाह सुरेश भैय्याजी जोशी व पार्टी अध्यक्ष अमित शाह भी शामिल हुए थे। वहीं, पार्टी के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि आकलन का मतलब यह नहीं है कि इनका टिकट काटा जाएगा।