सरेराह फायरिंग की वारदात में एक घायल

पिंपरी। पुणेसमाचार ऑनलाईन – पुणे-मुंबई हाइवे पर चांदनी चौक के पास सरेराह हुई फायरिंग की वारदात ने समूचे पुणे शहर में सनसनी मचा दी। बुधवार की शाम साढ़े सात बजे के करीब हुई इस वारदात में तुषार प्रकाश पिसाल (25, निवासी खेड शिवापुर, पुणे) नामक युवक घायल हुआ है। उसका पुणे के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हमलावर तीन की तादाद में बताए जा रहे हैं।

हिंजवड़ी पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आज शाम साढ़े सात बजे तुषार पर दोपहिया पर सवार होकर आए तीन लोगों ने फायरिंग की। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर चांदनी चौक में ट्रैफिक कंट्रोल कर रहे पुलिसकर्मी मौके पर दौड़ गए। हालांकि तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घायल तुषार को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हिंजवड़ी पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जानकारी हासिल की और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। हमले की वजह या हमलावरों के बारे में खबर लिखने तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी।