पुणे ग्रामीण ने जब्त किया 200 किलो गांजा

तलेगांव दाभाडे: पुणे समाचार

पुलिस ने 200 किलो गांजा सहित कुल 20 लाख का माल बरामद किया है। तलेगांव दाभाडे में रात को पेट्रोलिंग के दौरान पुणे ग्रामीण पुलिस को जब कुछ वाहन सड़क किनारे संदिग्ध रूप से खड़े दिखाई दिए, तो उनकी जांच की गई। इस दौरान पुलिस को 200 किलो गांजा मिला।

प्राप्त जानकारी अनुसार ग्रामीण पुलिस उपनिरीक्षक नितीन मोहिते व उनकी टीम को रात साढ़े तीन बजे के करीब पेट्रोलिंग करते समय सड़क के किनारे कुछ गाड़ियां संदिग्ध रूप से खड़ी नज़र आईं। पुलिस को देखते ही जब गाड़ियों के साथ खड़े लोग भाग निकले तो मोहिते को समझ आ गया कि कुछ न कुछ गड़बड़ ज़रूर है। इसके बाद उन्होंने प्रत्येक गाड़ी की जांच की जिसमें एक गाड़ी की पिछली सीट पर 200 किलो गांजा रखा मिला। मोहिते ने तुरंत सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर मुगुट पाटिल, सहायक पुलिस निरीक्षक गिरिश दिघावकर को इस बारे में जानकारी दी, जिसके बाद संबंधित गाड़ी और गांजा जब्त कर लिया गया।

इस कारवाई को पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक सुवैज हक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजस्वी सातपुते, उपविभागीय पुलिस अधिकारी गणपतराव माडगुलकर के मार्गदर्शन में पुलिस उप निरीक्षक नितीन मोहिते, बंडु मारणे,नितिन गार्डी, आतिष जाधव, संतोष मोरे, रामदास बहिरट, महेंद्र रावते,श्रीकांत गायकवाड, अजीत काले ने अंजाम दिया।