पुणे : ओबीसी आरक्षण रद्द होने के लिए मोदी सरकार जिम्मेदार 

पुणे, 26 जून : राज्य के लोकल बॉडीज संस्थाओं का  ओबीसी राजनीतिक आरक्षण मोदी सरकार ने समाप्त किया है।  इस मामले में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बार-बार झूठ बोलकर जनता को भ्रमित कर रहे है।  यह आरोप पूर्व विधायक, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष मोहन जोशी ने लगाया है।

केंद्र  सरकार की ओबीसी विरोधी पॉलिसी के निषेध को लेकर राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज की जयंती यानी  सामाजिक न्याय दिवस पर कांग्रेस पार्टी की तरफ से छत्रपति शाहू महाराज के पुतले का अभिवादन किया गया।  इस दौरान आरटीओ चौक में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष मोहन जोशी और शहर अध्यक्ष रमेश बागवे के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।

इस मौके पर मोहन जोशी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने ओबीसी के आंकड़े केंद्र सरकार से मांगें थे।  लेकिन केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को यह आंकड़ा नहीं दिया।  इस वजह से राज्य के लोकल बॉडीज संस्थाओं का ओबीसी आरक्षण समाप्त हो गया है।

आरक्षण, संविधान और लोकतंत्र को खत्म करने का काम मोदी सरकार लगातार कर रही है।  पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ओबीसी के राजनीतिक आरक्षण को लेकर जनता को भ्रमित कर रहे है।  ओबीसी का राजनीतिक आरक्षण खत्म करने और इस समाज को सत्ता से दूर करने की साजिश मोदी सरकार की है।