बारिश के बावजूद पंजाब, हरियाणा में तापमान में वृद्धि

चंडीगढ़, 8 जनवरी (आईएएनएस)| : पंजाब और हरियाणा में रातभर की बारिश के बावजूद बुधवार को न्यूनतम तापमान मामूली रूप से बढ़ गया। पंजाब के पठानकोट में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां सबसे ज्यादा 65 मिलीमीटर बारिश हुई।

पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां 22.9 मिलीमीटर बारिश हुई।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में क्रमश: 7.6 डिग्री, 10.1 डिग्री और 11.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में क्रमश: 4.2 मिलीमीटर, 1.7 मिलीमीटर और 9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

हरियाणा के हिसार, करनाल, नारनौल, रोहतक और भिवानी में न्यूनतम तापमान क्रमश: 11.2 डिग्री सेल्सियस, 11.4 डिग्री, 11 डिग्री, 10.8 डिग्री और 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अंबाला में 12.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि करनाल में 11.4 मिलीमीटर और सिरसा में 3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।