‘काला’ से रजनीकांत ने दर्शकों पर बरकरार रखा अपना जादू

पुणे।
निर्देशक पीए रंजीत के निर्देशन में बनी रजनीकांत स्टारर फिल्म काला शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। रजनीकांत के फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। इस फिल्म के निर्माता रजनीकांत के दामाद और अभिनेता धनुष हैं।
फिल्म की कहानी में तमिलनाडु से आया एक आदमी काला मुंबई की झुग्गी बस्ती धारावी में रहने लगता है और फिर इसकी बेहतरी के लिए काम करने लगता है। वह गरीबों का मसीहा है और उनके सुख-दुख में साथी है। एक नेता जो कि एक भू माफिया भी है उसकी नजर काला के जमीन पर है, जिसके लिए उनके बीच जंग शुरू हो जाती है। क्या भू माफिया इसमें सफल हो जाता है? यह आपको फिल्म देखने के बाद ही पता चलेगा।

एक्शन, रोमांच से भरपूर
काला रजनीकांत की फिल्म है तो जाहिर है कि इसमें एक्शन भी भरपूर है। इंटरवल से पहले का हिस्सा स्टंट सीक्वेंस से भरा है। एक्शन और रोमांच से भरपूर कुछ सीन दर्शकों को खूब रोमांचित करते हैं। फिल्म में नाना पाटेकर और रजनीकांत का मुकाबला देखने लायक है। वहीं अपने सुपरहीरो रजनीकांत को हिन्दी और मराठी में सुनकर उनके फैन्स जरूर खुश होंगे।

स्टार्स का अभिनय सराहनीय
काला की पत्नी सेल्वी के रूप में ईश्वरी राव ने अपने किरदार को बखूबी निभाया है। नाना पाटेकर, रजनीकांत और हुमा कुरैशी जैसे सितारों से सजी यह फिल्म दर्शकों का खूब मनोरंजन करती है। फिल्म के सभी स्टार्स ने अपने अभिनय से फिल्म में जान फूंक दी है। फिल्म का क्लाइमैक्स बेहतरीन है। हांलाकि फिल्म थोड़ी लंबी जरूर है।