भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा तोड़ने के मामले में रांची बंद का कम दिखा असर

रांची : समाचार ऑनलाईन – भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के बाद रांची बंद का आह्वान किया गया। रांची के मुख्य चौराहों पर बंद का मिला जुला असर देखने को मिला। हालांकि शहर की कई सड़कों पर भीड़  साधारण दिन की तरह ही  दिखी। चौक-चौराहो पर ई-रिक्शा, रिक्शा, ऑटो चलाने वाले और छोटे व्यापारियों ने बताया कि बंद का थोड़ा असर रहा।

रांची कॉलेज में अन्य दिनों की तुलना में भीड़ कम
रांची कॉलेज में अन्य दिनों की तुलना में भीड़ कम रही, लेकिन आवाजाही रोज की तरह रही। ई-रिक्शा चलाने वाले ने बताया कि अन्य दिनों की तुलना में आज सवारियां कम मिलीं। कचहरी चौक पर भी आम दिनों की तरह दुकानें खुली रहीं। शहर के कई बड़े मॉल और दुकान बंद रहे, लेकिन जैसे-जैसे वक्त गुजरने लगा वे भी दोपहर बाद खुल गये। यहां रिक्शा चलाने वाले संतराम ने बताया कि बाजार मंद रहा। फिरायालाल चौक पर कुछ दुकान और बाजार बंद रहे, लेकिन सड़क के किनारे रेड़ी लगाने वाले मौजूद थे। फिरायालाल चौक पर जलेबी की दुकान चलाने वाले मलकान यादव ने बताया, मेरे कारोबार पर बंद का कोई असर नहीं पड़ा। मैंने हर दिन की तरह ही बिक्री की।
शहर में बंद के आह्वान के मद्देनजर चौराहों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। चौराहों पर पुलिस बल खड़े थे। फिरायालाल चौक पर फायर बिग्रेड की गाड़ी खड़ी थी।