पुणे में मंत्र के जरिए पति की बीमारी ठीक करने के बहाने महिला के साथ किया बलात्कार

पुणे : समाचार ऑनलाइन – पुणे के येरवडा इलाके में मंत्र के द्वारा पति की बीमारी ठीक करने के बहाने महिला के साथ बलात्कार करने का मामला प्रकाश में आया है। साथ ही महिला को ब्लैकमेल कर तीन लाख रुपए भी ऐंठ लिए, तांत्रिक की हरकतों से परेशान होकर आखिरकार महिला पुलिस की शरण में गई और तांत्रिक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवायी। पुलिस ने तुरंत आरोपी तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने इस मामले में शब्बीर युनूस शेख (45) नामक तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। इस मामले में 57 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज करवायी है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी अनुसार पीड़ित महिला और आरोपी की पहचान पुणे रेलवे स्टेशन में हुई थी। आरोपी ने महिला को बताया था कि वह तांत्रिक है और उसे काला जादू आता है। वह काले जादू के जरिए सारी तकलीफ दूर कर सकता है।

महिला तांत्रिक के झांसे में आ गई। महिला ने तांत्रिक को अपने घर बुलाया और पति से मिलवाया। महिला का पति किसी बीमारी से ग्रस्त है। इस बात का फायदा उठाकर तांत्रिक ने काले जादू के जरिए टोटका कर पति की बीमारी ठीक करने का विश्वास दिलाया। वह इस तरह हमेशा महिला के घर आने जाने लगा।

एक दिन महिला को घर में अकेला पाकर पानी में मंत्रतंत्र करने का बहाना कर महिला को धोखे से पानी पिलाया। पानी में नशीली दवा मिलाकर महिला को बेहोश कर महिला के साथ बलात्कार किया। महिला को जब होश तो उसके साथ बलात्कार किए जाने की बात पता चली। तांत्रिक ने महिला को धमकाया कि अगर यह बात किसी को भी बतायी तो पति को जान से मार डालेगा।

इस तरह महिला को डरा धमकाकर 2015 से 2016 तक बलात्कार करता रहा और ब्लैकमेल कर महिला से तीन लाख रुपए ऐंठ लिए। तांत्रिक द्वारा लगातार ब्लैकमेलिंग किए जाने को लेकर महिला काफी परेशान थी, महिला ने आखिरकार पुलिस को इस बारे में शिकायत की । पुलिस ने तुरंत आरोपी तांत्रिक को गिरफ्तार किया। येरवडा पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।