मप्र में ठिठुरन बरकरार

भोपाल (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में बुधवार की सुबह चल रही हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी है। राज्य में बैतूल सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में हवाओं के बदले रुख ने तापमान में गिरावट लाने के साथ ठंड का असर बढ़ा दिया है। बुधवार की सुबह से चल रही हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। सुबह कोहरे का असर रहा और दिन चढ़ने के साथ खिली धूप ने ठंड से राहत दिलाई। वहीं बीच-बीच में चलने वाली हवाओं ने ठिठुरन पैदा की।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले 24 घंटों में ठंड का असर बना रहेगा। बुधवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री, इंदौर का 8.1 डिग्री, ग्वालियर का छह डिग्री और जबलपुर का 7.4 सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं मंगलवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री, इंदौर का 24.8 डिग्री, ग्वालियर का 22.6 डिग्री और जबलपुर का 22 डिग्री सेल्सियस रहा।