जब गाड़ी से उतरकर घायल युवक की मदद को दौड़ पड़े पवार

सातारा : पुणे समाचार

राष्ट्रवादी कांग्रेस नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार को सख्त मिजाज समझा जाता है, लेकिन मंगलवार को उनका एक अलग ही रूप देखने को मिला। पवार देर रात महाबलेश्वर से एक शादी में शरीक होकर लौट रहे थे, तभी अचानक उनकी नज़र सड़क पर पड़े एक युवक पर गई। उन्होंने ड्राइवर से गाड़ी रोकने को कहा और तुरंत दौड़कर उसके पास पहुंचे। पावर ने देखा कि युवक घायल है और उसे इलाज की ज़रूरत है। इसके बाद उन्होंने युवक को अपनी गाड़ी में बैठाया और सातारा के क्रांतिसिंह नाना पाटिल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यदि पावर सही वक़्त पर युवक की सहायता नहीं करते, तो वो किसी अनहोनी का शिकार भी हो सकता था।

हालचाल भी जाना
घायल युवक का नाम संतोष बजरंग जाधव है। मंगलवार रात 9 बजे के आसपास महाबलेश्वर-वाई-सातारा मार्ग पर अचानक जंगली सूअर के सामने आने के चलते वह बाइक से गिरकर  बेहोश हो गया था। पावर इसी रास्ते से अपने गार्ड सुनील मुसले और पार्टी कार्यकर्ता रविराज तावरे लाखे के साथ लौट रहे थे। युवक को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद में पावर ने डॉक्टरों से उसका हालचाल भी जाना।