मंकी हिल में रेलवे ट्रैक पर गिरी चट्टान

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – बीते दिन पुणे- मुंबई एक्सप्रेस हाइवे पर चट्टान ढ़हने की घटना के बाद सोमवार की दोपहर तीन बजे मुंबई-पुणे लोहमार्ग पर खंडाला घाट स्थित मंकी हिल में बड़ी चट्टान ढह गई। इससे रेलवे की मिडल और डाऊन लेन बंद हो गई और पुणे की ओर आनेवाली सभी ट्रेनें रोक दी गई हैं। रेलवे किलोमीटर 115 के पास घटी इस घटना से मुंबई जानेवाली रेल यातायात शुरू है मगर पुणे आने वाली यातायात ठप्प पड़ गई थी।
लोनावला और खंडाला परिसर में शनिवार से मूसलाधार बारिश हो रही है। आज दोपहर से भी यहां बारिश का जोर बढ़ गया है। बरसात के चलते दोपहर दो बजे के करीब मंकी हिल के पास एक छोटी चट्टान गिर गई। उसका मलबा हटाकर रेल यातायात शुरू की गई। मगर घन्टे भर में दो ट्रेनें गुजरने के बाद यहां एक बड़ी चट्टान रेलवे ट्रैक की मिडल लाईन पर गिर गई। इसका कुछ हिस्सा दोनों ट्रैक पर गिरने से कुछ देर तक दोनों तरफ की यातायात रोक दी गई।
बड़ी चट्टान रहने से उसे ब्लास्ट करने का काम शुरू किया गया। खबर लिखे जाने तक मुंबई लेन की रेल यातायात शुरू की जा चुकी थी मगर पुणे लेन की यातायात पूरी तरह से ठप्प थी। रविवार के तड़के पुणे-मुंबई एक्सप्रेस हाइवे पर खंडाला घाट के आडोशी टनल के पास चट्टान ढह गई। इस हादसे में कोई हताहत तो नहीं हुई लेकिन इसके चलते मुंबई की ओर जाने वाली यातायात खासे तौर पर प्रभावित रही। इसका विपरीत असर एक्सप्रेस हाइवे की ट्रैफिक की रफ्तार पर भी नजर आया था।