साधारण परिवार के रोहितकुमार बने एमपीएससी टॉपर

जलगांव : पुणे समाचार

महाराष्ट्र राज्य लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) की विभिन्न पदों पर भर्ती परीक्षा के परिणाम जारी कर दिए हैं। रोहित कुमार राजपूत इस परीक्षा में अव्वल रहे हैं। रोहित वैसे तो मूलरूप से जलगांव निवासी हैं,लेकिन उन्होंने पुणे के सीओईपी से  इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। एमपीएससी की ओर से सितंबर 2017 में उपजिलाधिकारी, उपविभागीय पुलिस अधिकारी, सेल्स टैक्स ऑफिसर सहित 377 पदों के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित की थी। जिसका रिजल्ट बुधवार देर रात घोषित किया गया। रोहित कुमार राजपूत पहले नंबर पर आये हैं, जबकी सुधीर पाटिल ने दूसरा, सोपाना टोंपे ने तीसरा, अजयकुमार नष्टे ने चौथा और दत्तू शेवाले ने पांचवा स्थान प्राप्त किया है।

राज्य भर से करीबन 1 लाख 519 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। रोहितकुमार राजपूत ने 599 अंक प्राप्त कर राज्य में प्रथम क्रमांक हासिल किया है। ओपन कैटगरी में सुधीर पाटिल को 572, सोपान टोंपे को 571 और अजयकुमार नष्टे को 570 अंक मिले हैं। पिछड़े वर्ग में दत्तू शेवाले ने 566 अंक हासिल कर पांचवा क्रमांक प्राप्त किया है। इसके अलावा प्रमोद कुडले,अविनाश कोरडे, सुशांत शिंदे, प्रसेनजोत प्रधान, रोहिणी नर्हे, पूजा पाटिल,पीयुष चिंचवडे, अमृता साबले और नूतन खाडे भी सफल रहे हैं।

जलगांव के यावल तहसील में जन्मे रोहितकुमार बहुत ही साधारण परिवार से हैं। रोहित के माता पिता फोटोग्राफी का बिजनेस करते हैं। वहीं, विकलंगता को मात देते हुए आदेश मारुती डफल ने भी महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग की परीक्षा में सफलता हासिल की है। विकलांग कैटिगरी में आदेश राज्य में प्रथम आये हैं। अब वह तहसीलदार बन सकेंगे। बचपन में एक एक्सीडेंट की वजह से वो विकलांगता का शिकार हो गए थे, लेकिन विकलांगता को उन्होंने अपनी सफलता में बाधा बनने नहीं दिया। पुलिस सब इंस्पेक्टर हेमंत ढोकले ने नौकरी के साथ साथ पढ़ाई भी की, जिसमें उन्होंने सफलता हासिल की और अब उनका नगरपालिका में मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में चयन किया गया। वे मूल रूप से शिरुर तहसील के करंदी गांव के निवासी हैं।