सचिन लांडगे टाटा मोटर्स यूनियन के अध्यक्ष

पिंपरी। संवाददाता : हालिया चुने गए 31 यूनियन प्रतिनिधियों में से गुरुवार को टाटा मोटर्स एम्प्लाइज यूनियन के पदाधिकारियों का चुनाव कराया गया। इसमें यूनियन के नए अध्यक्ष के तौर पर सचिन लांडगे को चुना गया। गुप्त मतदान पद्धति से यह चुनाव कराया गया।
गत माह 22 जून को टाटा मोटर्स एम्प्लॉइज यूनियन के प्रतिनिधियों का चुनाव संपन्न हुआ था। कुल 6500 मजदूरों ने 155 में से 31 यूनियन प्रतिनिधियों को चुना। इसके बाद आज अध्यक्ष, कार्याध्यक्ष और महासचिव पदों के चुनाव कराए गए। इन पदों के लिए 31 प्रतिनिधियों ने मतदान किया।
इस चुनाव के घोषित नतीजों के अनुसार युनियन के अध्यक्ष पद पर सचिन लांडगे, कार्याध्यक्ष पद पर अशोक माने और महासचिव पद पर संतोष दलवी निर्वाचित हुए। टाटा मोटर्स एम्पलॉईज युनियन, पुणे की चुनाव समिति के विजय सुदर्शनी (अध्यक्ष), अशोक नरोडे (उपाध्यक्ष), प्रवीण भावसार, किरण टकले, मदन कलंगे, गुणाजी परब, भालचंद्र गोसावी व इस्माइल मुल्ला (सदस्य) की देखरेख में यह चुनाव संपन्न हुआ।